जुआरियों को जल्दी छोड़ने के एवज में सिविल लाईन पुलिस पर 28 हज़ार के कथित लेनदेन का आरोप

जुआरियों को जल्दी छोड़ने के एवज में सिविल लाईन पुलिस पर 28 हज़ार के कथित लेनदेन का आरोप

तीन जुआरियों से 20 हजार और बाकी आठ से 8 हजार लेने का आरोप, आधी रात तक थाने में चली कथित सौदेबाजी, एसएसपी के नशा-जुआ विरोधी अभियान के बीच खाकी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

बिलासपुर 11 नवंबर 2026। बिलासपुर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए लगातार सख्त निर्देश जारी कर रहे हैं। जुआ, सट्टा और अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करने का फरमान भी है, लेकिन सिविल लाइन थाना क्षेत्र से सामने आई कथित वसूली की कहानी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि नए थाना प्रभारी के आते ही थाने में कार्रवाई के साथ कथित ‘कलेक्शन व्यवस्था’ भी शुरू हो गई है।

मामला दीपावली से ठीक एक दिन पहले का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सिविल लाइन पुलिस ने स्मार्ट रोड स्थित सिंधी कॉलोनी के पास जुआ खेलते हुए 11 लोगों को पकड़ा था। पुलिस सभी को पकड़कर थाने ले आई,यहां तक तो कार्रवाई पुलिस के आदेशों के अनुरूप नजर आती है, लेकिन इसके बाद जो कहानी सामने आई, वह कानून के रखवालों की भूमिका पर ही सवाल खड़े करती है।

तीन जुआरी VIP, बाकी आठ की रात थाने में!

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, थाने पहुंचने के बाद कथित तौर पर रिहाई का हिसाब-किताब शुरू हुआ,आरोप है कि पहले तीन जुआरियों से रकम लेकर उन्हें छोड़ दिया गया,इनमें एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये और दो अन्य से 5-5 हजार रुपये लिए जाने की बात सामने आई है। यानी शुरुआती तीन लोगों से ही 20 हजार रुपये का कथित लेनदेन! वहीं, बाकी आठ जुआरियों को कथित तौर पर रात करीब तीन बजे तक थाने में बैठाकर रखा गया, इसके बाद उनसे भी एक-एक हजार रुपये लेकर छोड़ने की चर्चा है। इस तरह सूत्रों के दावे पर भरोसा करें तो 10 हजार, 5 हजार, 5 हजार और आठ हजार मिलाकर कुल 28 हजार रुपये की कथित वसूली का आंकड़ा सामने आता है।

क्यों नहीं जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति?

अब सवाल यह है कि यदि 11 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया था तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या सभी के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई? यदि उन्हें छोड़ा गया तो किस आधार पर छोड़ा गया?

हर छोटी बड़ी कार्रवाई की सूचना बिलासपुर पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप्प ग्रुप में जारी की जाती है लेकिन आश्चर्य की बात है कि दीपावली के एक रात पहले शहर के प्रमुख थाने में जुआं पकड़े जाने की सूचना पुलिस द्वारा जारी ही नहीं की गई। सिविल लाईन पुलिस की ये पर्दादारी इस कार्रवाई को सवालों के घेरे में खड़ा कर रही है साथ ही इससे कथित लेनदेन के आरोपों को भी बल मिल रहा है।

सबसे बड़ा सवाल, क्या किसी पुलिसकर्मी ने रिहाई के बदले रकम ली? यदि ऐसा हुआ है तो रकम किसके पास पहुंची और इसकी जिम्मेदारी किसकी है?
एसएसपी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद यदि थाने के भीतर इस तरह का कथित खेल चल रहा है तो यह महज कुछ हजार रुपये का मामला नहीं, बल्कि पुलिस की जवाबदेही और विभागीय अनुशासन से जुड़ा गंभीर विषय है।

साहब की नई पारी, सवालों की पुरानी बीमारी!

दीपावली पर आम लोग घरों में लक्ष्मी पूजन कर रहे थे, वहीं सिविल लाइन थाने की कथित वसूली की चर्चा ने अलग ही सवाल खड़े कर दिए,हालांकि पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
अब देखना होगा कि एसएसपी रजनेश सिंह इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या थाने में पकड़े गए 11 लोगों और कथित 28 हजार रुपये के लेनदेन की निष्पक्ष जांच होगी, या फिर यह मामला भी पुलिस महकमे की फाइलों में दबकर रह जाएगा? शहर की निगाहें अब पुलिस कप्तान की कार्रवाई पर टिकी हैं।

CATEGORIES
Share This